img

West Indies vs Bangladesh: क्रिकेट को 'जेंटलमैन का खेल' कहा जाता है, और बांग्लादेश के बल्लेबाज जकर अली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में इस उपाधि को सही साबित किया। उनकी खेल भावना ने न केवल दर्शकों का दिल जीता, बल्कि खेल के प्रति सम्मान का एक नया मानदंड स्थापित किया।

क्‍या है मामला?

यह घटना बांग्लादेश की पारी के 14वें ओवर में घटी। गुडाकेश मोटी की गेंद पर जकर अली ने डीप मिडविकेट की दिशा में शॉट खेला। वहां फील्डिंग कर रहे वेस्टइंडीज के खिलाड़ी ओबेड मैककॉय ने कैच पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे और इस प्रयास में उन्हें चोट लग गई। जकर अली और उनके साथी बल्लेबाज ने दो रन पूरे कर लिए थे और तीसरे रन की संभावना थी। लेकिन मैककॉय को दर्द में देखकर जकर अली ने तीसरा रन नहीं लिया और अपने साथी को भी रुकने का संकेत दिया। यह खेल भावना का एक उत्कृष्ट उदाहरण था, जिसे कमेंटेटरों और दर्शकों ने खूब सराहा। 

जकर अली की पारी

जकर अली ने न केवल खेल भावना दिखाई, बल्कि बल्ले से भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 41 गेंदों में नाबाद 72 रन बनाए, जिससे बांग्लादेश की टीम 189/7 का सम्मानजनक स्कोर खड़ा करने में सफल रही। उनकी इस पारी ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया और अंततः बांग्लादेश ने वेस्टइंडीज को 80 रनों से हराकर श्रृंखला 3-0 से अपने नाम की।

ये भी पढें-विजय हजारे ट्रॉफी 2024-25 के लिए उत्तर प्रदेश की मजबूत टीम की घोषणा; रिंकू सिंह बने कप्तान