Pune Bridge Collapse: महाराष्ट्र के पुणे जिले में रविवार, 15 जून की शाम को एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। इंद्रायणी नदी पर स्थित एक पुराने पुल का बड़ा हिस्सा अचानक टूट गया, दर्जनों लोगों के नदी में बहने की आशंका जताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों का भी कहना है कि घटना के वक्त ब्रिज पर काफी संख्या में लोग मौजूद थे। अनुमान लगाया जा रहा है कि करीब 25 से 30 लोग तेज बहाव वाली नदी में बह गए हैं।
मावल के कुंडमाला में हुआ हादसा
पुणे के मावल स्थित कुंडमाला में दोपहर लगभग 3:40 बजे यह हादसा तब हुआ। जब पुराना पुल अचानक भरभराकर गिर पड़ा। दरार वाले हिस्से में कुछ बड़े पत्थर भी थे। कुछ लोग इन पत्थरों पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य लोग सीधे नदी में जा गिरे और बहाव के साथ बह गए।
पुल गिरने से पहले भारी भीड़, तस्वीरें खिंचवा रहे थे लोग
रविवार होने के कारण वहां सैकड़ों की संख्या में पर्यटक आए हुए थे। कुछ लोग पुल पर खड़े होकर तस्वीरें और वीडियो बना रहे थे। वहीं, कई लोग मंदिर दर्शन के लिए पुल पार कर रहे थे। अचानक पुल के एक तरफ की संरचना कमजोर हुई और वह हिस्सा ढह गया, जिससे लोग सीधे नदी में जा गिरे।
जर्जर पुल पर बाइक भी लेकर पहुंचे थे लोग
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि पुल की हालत पहले से ही खराब थी, बावजूद इसके लोग न केवल पैदल चले बल्कि कुछ लोग अपनी बाइक लेकर भी पुल पर चढ़ गए। यह अतिरिक्त वजन पुल की क्षमता से अधिक हो गया और वह टूट गया। बताया जा रहा है कि पुल पर जंग लग चुका था और वह कमजोर हो चुका था, लेकिन इस पर न तो मरम्मत हुई और न ही आवाजाही पर कोई रोक लगाई गई।
पुलिस और प्रशासन मौके पर, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
जैसे ही हादसे की खबर मिली, पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस आयुक्तालय की तलेगांव दाभाड़े पुलिस फौरन मौके पर पहुंची। इसके साथ ही, NDRF की दो टीमें भी तैनात कर दी गईं, जो तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। अब तक करीब 5 से 6 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, लेकिन कई लोगों की तलाश अभी जारी है।
पहले भी दी गई थी पुल की खराब हालत की शिकायत
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस पुल की हालत को लेकर पहले भी प्रशासन को कई बार चेतावनी दी गई थी। लोगों ने बताया कि पुल पर जंग लग चुका था और उसके पिलर कमजोर हो गए थे। इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। हादसे के समय नदी का जलस्तर भी काफी ऊंचा था क्योंकि बीते कुछ दिनों से पुणे में मूसलधार बारिश हो रही है, जिससे इंद्रायणी नदी में तेज बहाव था।
22 एंबुलेंस और बचाव वैन मौके पर
हादसे की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने 20 से ज्यादा एंबुलेंस को मौके पर भेजा है। इसके अलावा फायर ब्रिगेड की बोट, बचाव वैन और नावों को भी लगाया गया है। जिला मुख्यालय से अतिरिक्त बचाव टीमें रवाना की गई हैं। अंधेरा होने से पहले ज्यादा से ज्यादा लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है।
आसपास के गांवों में भी अलर्ट
नदी के बहाव की दिशा में आने वाले गांवों में भी पुलिस और प्रशासन की टीमें तैनात कर दी गई हैं। स्थानीय लोगों से नदी के किनारे दूर रहने की अपील की जा रही है। प्रशासन ने कहा है कि जब तक सभी लापता लोगों का पता नहीं चलता, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहेगा।
Share






