पटना। निबंधक सहयोग समितियों की इनायत खान की अध्यक्षता में सभी जिलों के जिला सहकारिता पदाधिकारियों, सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों एवं कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के जिला प्रबंधकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्य के विभिन्न जिलों में पैक्सों में CSC की स्थापना और उसकी क्रियाशीलता की स्थिति का जायजा लेना था।
बैठक के दौरान समीक्षा की गई रिपोर्ट के अनुसार शेखपुरा, कैमूर, मधेपुरा, सुपौल जैसे जिलों में 90 प्रतिशत से अधिक पैक्सों में CSC आईडी सक्रिय हो चुकी है। वहीं, मुंगेर, बक्सर, गोपालगंज, औरंगाबाद एवं लखीसराय जिलों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर निबंधक सहयोग समितियों ने सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे जिला स्तर के CSC प्रबंधकों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी पैक्सों को शीघ्र सक्रिय करें ताकि CSC सेवाएँ हर क्षेत्र में प्रभावी रूप से उपलब्ध हो सकें।
राज्य में पैक्सों के माध्यम से स्थापित कॉमन सर्विस सेंटर ग्रामीण जनता की दैनिक जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। यहाँ रेल, बस टिकट बुकिंग, आयुष्मान कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड जैसी अनेक महत्वपूर्ण सेवाएँ प्रदान की जा रही हैं, जिससे ग्रामीण विद्यार्थी से लेकर किसान तक लाभान्वित हो रहे हैं।
पैक्सों में CSC स्थापित करने का उद्देश्य ग्रामीण इलाकों में डिजिटल सेवाओं की पहुंच को मजबूत करना और किसानों व ग्रामीणों तक सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाना है। इस योजना के अंतर्गत पैक्स नागरिकों को बैंकिंग, बीमा, आधार नामांकन, स्वास्थ्य, कानूनी सहायता, कृषि सामग्री, पैन कार्ड, IRCTC से टिकट बुकिंग, आरटीपीएस की सुविधाएं समेत 300 से अधिक सेवाएँ उपलब्ध कराते हैं।
पैक्स कम्प्यूटरीकरण योजना से इन केंद्रों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्षम बनाया जा रहा है, जिससे वे आसानी से सेवाएं प्रदान कर सकें। उल्लेखनीय है कि राज्य में पहले चरण में 4,477 पैक्सों का कम्प्यूटरीकरण किया जा चुका है, जबकि कुल 5,987 पैक्सों की CSC आईडी बनाई गई है, जिनमें से 4,316 पैक्स सक्रिय हैं। अब तक इन CSC केंद्रों के माध्यम से लगभग 4.5 करोड़ रुपये से अधिक का व्यवसाय संपन्न हो चुका है।
यह पहल न केवल ग्रामीण लोगों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ रही है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और सरकारी योजनाओं का लाभ अपने ही गाँव में प्राप्त करने का अवसर भी प्रदान कर रही है।
Share






