img

Myntra Refund Scam: देश की प्रमुख फैशन आधारित ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म मिंत्रा (Myntra), जो फ्लिपकार्ट का हिस्सा है, हाल ही में 50 करोड़ रुपये के एक बड़े रिफंड घोटाले का शिकार हुआ है। यह स्कैम कंपनी की रिटर्न पॉलिसी का गलत इस्तेमाल कर अंजाम दिया गया। इस फ्रॉड का खुलासा मिंत्रा के आंतरिक ऑडिट के दौरान हुआ, जिसमें पता चला कि बड़ी संख्या में फर्जी शिकायतें दर्ज कराकर रिफंड क्लेम किया गया है।

कैसे अंजाम दिया गया घोटाला?

मिंत्रा की रिटर्न पॉलिसी को स्कैमर्स ने अपनी चालाकी से एक हथियार के रूप में इस्तेमाल किया। स्कैमर्स ने बड़े पैमाने पर ब्रांडेड शूज, कपड़े और अन्य एक्सेसरीज का ऑर्डर किया। महंगे प्रोडक्ट्स को चुनकर ऑर्डर की कुल कीमत बढ़ाई जाती थी। डिलीवरी के बाद, फ्रॉडस्टर्स मिंत्रा के कस्टमर सपोर्ट को कॉल कर फर्जी शिकायतें दर्ज कराते थे। जैसे—गलत प्रोडक्ट डिलीवर हुआ। कम संख्या में आइटम्स मिले। ऑर्डर डिलीवर ही नहीं हुआ। मिंत्रा की रिटर्न पॉलिसी के तहत, शिकायत के सत्यापन के बाद रिफंड की प्रक्रिया तुरंत शुरू हो जाती है। स्कैमर्स ने इसी पॉलिसी का फायदा उठाते हुए बार-बार रिफंड क्लेम किए।

इस तरह स्कैमर्स ने उठाया फायदा

यदि कोई व्यक्ति 10 महंगे जूतों का ऑर्डर करता था और डिलीवरी के बाद यह दावा करता था कि उसे सिर्फ 5 ही जूते मिले हैं, तो मिंत्रा द्वारा बिना गहराई से जांच किए बाकी 5 जूतों का रिफंड प्रोसेस कर दिया जाता था। इस फ्रॉड ने मिंत्रा को पूरे भारत में करीब 50 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया है। कंपनी ने अकेले बेंगलुरु में, 5,529 फर्जी ऑर्डर्स का पता लगाया। दिल्ली, मुंबई और जयपुर में भी स्कैम के मामले सामने आए। रिपोर्ट्स के अनुसार, घोटाले के लिए ज्यादातर जयपुर, राजस्थान को बेस लोकेशन के रूप में इस्तेमाल किया गया।

डिलीवरी के अजीब ठिकाने

फ्रॉडस्टर्स ने अपने पते को लेकर भी बेहद चतुराई दिखाई। डिलीवरी के लिए टी शॉप, टेलर शॉप, स्टेशनरी शॉप्स का पता दिया गया। यह पते असली लगते थे, लेकिन स्कैमर्स इन्हें अपनी गतिविधियों को छिपाने के लिए उपयोग करते थे।

कैसे हुई स्कैम की पहचान?

मिंत्रा के ऑडिट और डेटा ट्रैकिंग सिस्टम के जरिए कंपनी ने फर्जी ऑर्डर्स को पकड़ा। ऑर्डर्स की बढ़ती संख्या और बार-बार रिफंड क्लेम की घटनाओं ने कंपनी का ध्यान खींचा। जब गहराई से जांच की गई, तो पता चला कि कई ऑर्डर्स एक ही पते से या एक ही व्यक्ति द्वारा किए गए थे।

ये भी पढें-Google Gemini से टक्कर लेगा ये AI, ChatGPT को भी देगा मात