img

पटना: सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बहुप्रतीक्षित मीठापुर-महुली एलिवेटेड रोड का उद्घाटन करेंगे। इस सड़क के चालू होने से पटना के दक्षिणी हिस्सों में रहने वाले लाखों लोगों के लिए आवागमन कहीं ज्यादा सुगम और तेज़ हो जाएगा। अब घंटों की जाम से भरी यात्रा मिनटों में पूरी की जा सकेगी, जिससे समय की बचत तो होगी ही, साथ ही यात्रा भी तनावमुक्त हो जाएगी।

1,400 करोड़ की लागत से तैयार परियोजना

मीठापुर-महुली-पुनपुन सड़क परियोजना कुल 1,400 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की गई है। इस परियोजना में भूपतिपुर से पुनपुन (एनएच-22) तक एलिवेटेड और एट-ग्रेड सड़क का निर्माण शामिल है। एलिवेटेड रोड का निर्माण सड़कों पर बोझ को कम करने और तेज ट्रैफिक फ्लो सुनिश्चित करने के लिए किया गया है।

इस महत्वपूर्ण परियोजना का लोकार्पण मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे, जबकि इस समारोह में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन करेंगे। इसके अलावा कई लोकसभा और विधानसभा सांसदों तथा विधान परिषद सदस्यों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है, जिनमें रविशंकर प्रसाद, मीसा भारती, गोपाल रविदास, अरुण कुमार सिन्हा, रविंद्र प्रसाद सिंह, नीरज कुमार, नवल किशोर यादव और कार्तिक कुमार शामिल हैं।

दक्षिण पटना के लिए बनेगी जीवनरेखा

मीठापुर-महुली एलिवेटेड रोड का सबसे बड़ा लाभ पटना के दक्षिणी हिस्सों को मिलेगा। यह सड़क जहानाबाद, अरवल, बिहारशरीफ और गया जैसे जिलों को राजधानी से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगी। पहले जहां इन मार्गों पर सफर में घंटों लग जाते थे, अब वही सफर मिनटों में पूरा हो जाएगा। खासकर ऑफिस जाने वाले कर्मचारी, स्कूल-कॉलेज के छात्र और व्यवसायियों को इसका बड़ा फायदा होगा।

फेज-1 पूरा, फेज-2 पर तेजी से कार्य जारी

मीठापुर-महुली परियोजना को दो चरणों में बांटा गया है:

फेज-1: सिपारा से महुली तक का एलिवेटेड सेक्शन है, जो अब पूरी तरह बनकर तैयार है।

फेज-2: इसमें मीठापुर से सिपारा तक 2.10 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड सड़क का निर्माण हो रहा है, जिसे नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इसके अलावा महुली से पुनपुन तक की 2.20 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क भी बन रही है, जिससे लंबी दूरी की यात्रा सुगम और सुलभ हो जाएगी।

अब सफर होगा आसान और तेज़

सिपारा से महुली तक की दूरी अब महज 5 से 6 मिनट में पूरी की जा सकेगी। इसके लिए भूपतिपुर के पास एक विशेष रैंप का निर्माण किया गया है, जिससे वाहन सीधे एलिवेटेड रोड पर चढ़ सकेंगे। पहले इस मार्ग पर रोजाना भारी जाम का सामना करना पड़ता था, जिससे न सिर्फ समय की बर्बादी होती थी, बल्कि ईंधन की खपत और प्रदूषण भी बढ़ता था।

इस परियोजना के चालू होने से न केवल ट्रैफिक लोड में भारी कमी आएगी, बल्कि पर्यावरणीय दृष्टिकोण से भी राहत मिलेगी। सड़क के बेहतर निर्माण और प्लानिंग से आने वाले वर्षों में राजधानी की ट्रैफिक व्यवस्था और भी आधुनिक तथा सुविधाजनक हो सकेगी।