img

IPL 2025: रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) का नाम सुनते ही विराट कोहली का चेहरा सामने आता है। यह टीम हमेशा से बड़े नामों और स्टार खिलाड़ियों के लिए जानी जाती रही है, लेकिन अपने 15 से अधिक सीज़न में भी यह टीम एक बार भी IPL ट्रॉफी नहीं जीत पाई। इस बार, 2025 के आईपीएल सीजन से पहले, सबसे बड़ा सवाल यह है कि आरसीबी की कप्तानी का भार किसके कंधों पर होगा। विराट कोहली? भुवनेश्वर कुमार? या फिर फिल सॉल्ट? आइए जानते हैं।

विराट कोहली: आरसीबी से मजबूत रिश्ता

आरसीबी और विराट कोहली का रिश्ता एक-दूसरे से अलग नहीं किया जा सकता। 2008 में डेब्यू के बाद से विराट ने आरसीबी को अपनी पहचान दी। कप्तानी से इस्तीफा देने के बावजूद, टीम में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है।

क्या विराट दोबारा कप्तान बन सकते हैं?

विराट ने 2021 में कप्तानी छोड़ी थी ताकि वे अपने खेल पर ज्यादा ध्यान केंद्रित कर सकें। लेकिन कोहली अब टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से रिटायरमेंट ले चुके हैं। शायद यह सही समय हो सकता है कि कोहली एक बार फिर कप्तानी का भार संभालें।

विराट कोहली एक्सपीरियंस

विराट के पास एक दशक से अधिक का अनुभव है। उनकी आक्रामकता और जुनून टीम को प्रेरित कर सकती है। हालांकि, सवाल यह है कि क्या टीम के बाकी सदस्य उनके नेतृत्व में फिर से खड़े हो पाएंगे?

भुवनेश्वर कुमार:अनुभवी ​प्लेयर

भुवनेश्वर कुमार एक शांत, स्थिर और अनुभव से भरे खिलाड़ी हैं। 10.75 करोड़ की बड़ी रकम में आरसीबी ने उन्हें खरीदा, जो दिखाता है कि टीम को उनके कौशल और नेतृत्व क्षमता पर भरोसा है।

क्या भुवी बन सकते हैं कप्तान?

भुवी ने पहले सनराइजर्स हैदराबाद के लिए कुछ मैचों में कप्तानी की थी। वे एक स्मार्ट गेंदबाज हैं, जो परिस्थितियों को पढ़ने और सही फैसले लेने में माहिर हैं। उनकी शांत प्रवृत्ति और अनुभव आरसीबी को एक स्थिर नेतृत्व दे सकती है। साथ ही, चिन्नास्वामी स्टेडियम में उनकी गेंदबाजी की क्षमता टीम के लिए बड़ी ताकत हो सकती है। हालांकि
भुवनेश्वर लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर हैं। इसलिए सवाल उठता है कि क्या वे टीम के युवा खिलाड़ियों को प्रेरित कर पाएंगे?

फिल सॉल्ट: मॉर्डन क्रिकेट के प्रतीक

इंग्लैंड के बल्लेबाज फिल सॉल्ट आईपीएल के सबसे रोमांचक नए खिलाड़ियों में से एक हैं। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और तेज स्ट्राइक रेट के लिए जाने जाने वाले सॉल्ट को आरसीबी ने कप्तानी के लिए एक संभावित उम्मीदवार माना है। शानदार स्ट्राइक रेट (182) और 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए बेहतरीन प्रदर्शन। यह वो चीजे हैं, जो युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत होने के साथ मैच पलटने की क्षमता रखते हैं। इंग्लैंड की टी20 टीम के कप्तान के रूप में अनुभव भी उनके लिए प्लस प्वाइंट है।

ये हैं चुनौतियां

सॉल्ट को भारतीय परिस्थितियों में कप्तानी का अधिक अनुभव नहीं है। साथ ही, उनकी आक्रामकता कभी-कभी टीम के लिए जोखिम भरी हो सकती है। लियाम लिविंगस्टोन, जो अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं, वह भी कप्तानी के लिए एक संभावित विकल्प हो सकते हैं।

क्या कप्तानी के बिना विराट बेहतर खेल सकते हैं?

विराट कोहली ने पहले ही संकेत दिया है कि वे कप्तानी के बिना ज्यादा खुले और आक्रामक खेल सकते हैं। कोहली ने पिछला साल अपने करियर का सबसे बेहतरीन साल बताया है। उन्होंने कहा, "मैंने अब दबाव महसूस करना बंद कर दिया है और सिर्फ टीम के लिए योगदान पर ध्यान दे रहा हूं।" कप्तानी के बिना, कोहली अपनी बल्लेबाजी पर ज्यादा ध्यान दे सकते हैं और टीम को बेहतर शुरुआत दिला सकते हैं।

क्या 2025 में आरसीबी का सपना पूरा होगा?

आरसीबी के पास इस बार एक मजबूत स्क्वाड और कप्तानी के लिए कई अच्छे विकल्प हैं। भुवनेश्वर कुमार का अनुभव, फिल सॉल्ट की आक्रामकता, और विराट कोहली की उपस्थिति टीम को संतुलित बनाते हैं। हालांकि, क्या उम्दा खिलाड़ियों की मौजूदगी ट्रॉफी लाने में कामयाब होगी, यह तो वक्त ही बताएगा।