पटना: बिहार के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज राजधानी पटना के भूपतिपुर क्षेत्र से एक महत्त्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजना का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने मीठापुर-महुली-पुनपुन परियोजना के तहत एलिवेटेड रोड के शिलापट्ट का अनावरण किया। यह 1105 करोड़ की लागत से बनकर तैयार हुआ है।
इस सड़क के शुरू होने से अब सिपारा से महुली तक सिर्फ 5 से 6 मिनट में पहुंचा जा सकेगा। एलिवेटेड रोड पर प्रवेश के लिए भूपतिपुर के पास एक विशेष रैंप भी बनाया गया है।
सीधे जनता से संवाद, मिला आभार
उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने एलिवेटेड सड़क के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण भी किया। भूपतिपुर से पुनपुन तक के निरीक्षण के दौरान वे पुनपुन में कुछ समय के लिए रुके और वहां उपस्थित लोगों से मिलकर उनका हालचाल जाना। स्थानीय निवासियों ने मुख्यमंत्री के कार्यों की सराहना की और कहा कि वर्षों से उपेक्षित इस क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा में लाने के लिए उन्होंने ईमानदारी से प्रयास किया है। लोगों ने बताया कि इस सड़क से अब पटना आना-जाना आसान हो गया है, जिससे दैनिक जीवन में बड़ी सहूलियत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने भी अपनी बात रखते हुए कहा कि इस क्षेत्र से उनका विशेष लगाव रहा है, और यह सौभाग्य है कि उन्हें इस इलाके का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे आगे भी क्षेत्र के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करते रहेंगे।
सड़क से जुड़े क्षेत्रों को मिलेगा यातायात में फायदा
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने निरीक्षण के दौरान यह भी कहा कि यह एलिवेटेड पथ सिर्फ पटना ही नहीं, बल्कि गयाजी, जहानाबाद, अरवल, औरंगाबाद और राजगीर जैसे प्रमुख स्थलों की ओर जाने वाले लोगों के लिए भी उपयोगी होगा। दक्षिण बिहार के जिलों तक सुगम पहुंच सुनिश्चित करने में यह सड़क मील का पत्थर साबित होगी।
उन्होंने कहा कि राजधानी पटना की बढ़ती ट्रैफिक समस्या से निजात पाने और शहर को जाम-मुक्त बनाने की दिशा में यह सड़क अहम भूमिका निभाएगी। खासतौर पर शहर के दक्षिणी हिस्से में रहने वाले लाखों लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। यात्रा में समय की बचत होगी और यातायात व्यवस्था अधिक सुगम बनेगी।
शेष कार्य जल्द निपटाने के निर्देश
मुख्यमंत्री जब लौटते समय सिपारा के पास रुके, तो वहां मौजूद अधिकारियों ने उन्हें बताया कि मीठापुर-महुली एलिवेटेड कॉरिडोर का अगला हिस्सा सिपारा पुल से होते हुए मीठापुर फ्लाईओवर गोलंबर तक जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस शेष हिस्से का निर्माण कार्य हर हाल में दो माह के भीतर पूरा कर लिया जाए ताकि परियोजना का पूरा लाभ आमजन तक पहुंच सके।
बड़े राजनीतिक और प्रशासनिक चेहरों की मौजूदगी
इस विशेष अवसर पर बिहार सरकार के कई दिग्गज नेता और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन, सांसद रविशंकर प्रसाद, विधान पार्षद रविंद्र प्रसाद सिंह, पूर्व सांसद रामकृपाल यादव, पूर्व मंत्री श्याम रजक, पूर्व विधायक सतीश कुमार, पूर्व विधायक अरुण मांझी, राज्य नागरिक परिषद के पूर्व महासचिव अरविंद कुमार और बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य शिव शंकर निषाद जैसे प्रमुख जनप्रतिनिधि वहां उपस्थित थे।
वहीं प्रशासनिक स्तर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिवदीपक कुमार, पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, पटना प्रमंडल के आयुक्त डॉ. चंद्रशेखर सिंह, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के अध्यक्ष शीर्षत कपिल अशोक और जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. समेत कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
Share






