बिहार में इन दिनों मौसम का मिजाज काफी खुशनुमा बना हुआ है। बीते दो दिनों से राज्य के कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है। सुस्त पड़ा मानसून अब फिर से एक्टिव हो गया है और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अच्छी बारिश देखने को मिल रही है। मंगलवार को राजधानी पटना समेत कई जिलों में बारिश का सिलसिला दिनभर रुक-रुक कर जारी रहा। वहीं, आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है।
दक्षिण बिहार में बना दबाव, इन जिलों में मूसलधार बारिश की आशंका
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण बिहार में एक निम्न दबाव क्षेत्र सक्रिय हो गया है, जिसका प्रभाव अब प्रदेश के अन्य हिस्सों तक पहुंच रहा है। इसके असर से विशेष रूप से दक्षिण और पूर्वी बिहार में अच्छी बारिश हुई है। बुधवार को यह दबाव क्षेत्र उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर शिफ्ट होने की संभावना है। इसके चलते कैमूर और रोहतास जिलों में अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा बक्सर, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, जमुई और बांका जिलों में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
इन जिलों में जारी हुआ ऑरेंज अलर्ट
बिहार के कई जिलों में वज्रपात और मध्यम से भारी बारिश की संभावना के चलते बुधवार सुबह मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। जिन जिलों में अलर्ट जारी किया गया है, उनमें सारण, समस्तीपुर, वैशाली, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, जमुई, बांका, भागलपुर, मुंगेर, बेगूसराय, खगड़िया, सहरसा, मधेपुरा और दरभंगा शामिल हैं। इन जिलों के कुछ हिस्सों में अचानक तेज बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं, जिसके लिए स्थानीय प्रशासन को भी सतर्क रहने को कहा गया है।
पटना में दिनभर बादलों का डेरा, कई इलाकों में झमाझम बारिश
राजधानी पटना में मंगलवार को मौसम पूरी तरह बदला-बदला नजर आया। सुबह से ही बादलों की आवाजाही बनी रही और दोपहर करीब एक बजे अचानक आधे घंटे की जबरदस्त बारिश ने लोगों को भीगने पर मजबूर कर दिया। शाम होते-होते फिर हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। बारिश की वजह से शहर के तापमान में भी गिरावट देखने को मिली। मंगलवार को अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, बीते 24 घंटे में पटना में करीब 5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
अगले दो दिन और भीगी रहेगी पटना की फिजा
पटना में अभी बारिश का सिलसिला थमने वाला नहीं है। मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो बुधवार और गुरुवार को भी शहर के कई इलाकों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। हालांकि, लगातार बारिश की वजह से शहर के कुछ हिस्सों में जलजमाव की स्थिति बन गई है, जिससे आम लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई सड़कों पर पानी भरने से यातायात भी प्रभावित हुआ है।
बिजली गिरने की संभावना, रहें सतर्क
मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि बुधवार को दक्षिण-पश्चिम और उत्तर-पश्चिम बिहार के इलाकों में तेज हवाओं के साथ वज्रपात हो सकता है। मंगलवार को भी राज्य के 15 जिलों में मध्यम से भारी बारिश हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे खराब मौसम में खुले स्थानों पर जाने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।
Share






