- पटना। बिहार सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए एक सराहनीय पहल की शुरुआत की है। राज्य के शहरी क्षेत्रों में महिलाओं के लिए विशेष रूप से 'पिंक टॉयलेट' का निर्माण किया जा रहा है, जो पूरी तरह से महिलाओं द्वारा संचालित और उपयोग के लिए ही निर्धारित होंगे। इस प्रयास का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं को यौन उत्पीड़न और असुविधा से सुरक्षित रखना, साथ ही उन्हें एक स्वच्छ और निजी वातावरण उपलब्ध कराना है।
-
- महिला सशक्तिकरण की दिशा में ठोस कदम
-
- राज्य सरकार ने वर्ष 2025-26 के बजट में इस योजना की घोषणा की थी और अब इसे धरातल पर उतारा जा रहा है। स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के तहत 10 प्रमुख नगर निकायों में 70 सीटों वाले पिंक टॉयलेट का निर्माण शुरू हो चुका है। इसके अतिरिक्त, राज्य योजना के अंतर्गत 6 और नगर निकायों में 30 सीटों के पिंक टॉयलेट बनाए जा रहे हैं। कुल मिलाकर 100 सीटों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिसके लिए ₹2.5 करोड़ की राशि आवंटित की गई है।
-
- इन पिंक टॉयलेट्स को गुलाबी रंग में रंगा गया है ताकि उन्हें पहचानना आसान हो और यह स्पष्ट रूप से दर्शाए कि यह सुविधा केवल महिलाओं के लिए है। यह पहल न केवल स्वच्छता को बढ़ावा देती है, बल्कि महिलाओं की निजता और गरिमा को भी संरक्षित करती है।
-
- टॉयलेट्स में उपलब्ध होंगी ये सुविधाएं
-
- नगर विकास एवं आवास मंत्री जिवेश कुमार ने बताया कि पिंक टॉयलेट्स में निम्नलिखित सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं:
- स्वच्छ जल की उपलब्धता
- उचित बिजली व्यवस्था
- नियमित सफाई
- सेनेटरी पैड की उपलब्धता
- सेनेटरी वेस्ट के निस्तारण की व्यवस्था
- सुरक्षा के लिए महिला केयरटेकर की नियुक्ति
- इमरजेंसी के लिए हेल्पलाइन नंबर की सुविधा
-
- मंत्री ने यह भी कहा कि यह पहल महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देगी और महिलाएं कार्यस्थल, बाजार या यात्रा के दौरान अपनी आवश्यकताओं को सम्मानजनक तरीके से पूरा कर सकेंगी।
-
- किन क्षेत्रों में होंगे पिंक टॉयलेट
-
- नगर विकास विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने बताया कि पिंक टॉयलेट जिन स्थानों पर बनाए जा रहे हैं, उनमें शामिल हैं:
- गया नगर निगम
- मुजफ्फरपुर नगर निगम
- बिहारशरीफ नगर निगम
- पूर्णिया नगर निगम
- सासाराम नगर निगम
- सीतामढ़ी नगर निगम
- बोधगया, राजगीर, सुल्तानगंज, भभुआ, बड़हिया नगर परिषद
- बक्सर, जाले नगर परिषद
- सिंहवाड़ा, कमतौल-अहियारी व देव नगर पंचायत
-
- नारी गरिमा को सम्मान
-
- इस परियोजना का लक्ष्य है कि महिलाएं बिना किसी झिझक के सार्वजनिक स्थलों पर जा सकें और उन्हें उच्च स्तर की साफ-सुथरी, सुरक्षित और स्वाभिमानी सुविधा मिल सके। यह पिंक टॉयलेट्स सिर्फ एक टॉयलेट नहीं, बल्कि नारी गरिमा का प्रतीक बनकर उभरेंगे।
-
- राज्य सरकार की यह पहल न केवल एक बुनियादी आवश्यकता को पूरा कर रही है, बल्कि यह संदेश भी दे रही है कि नारी सुरक्षा और सम्मान किसी भी सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।