img

पटना। बिहार के सीवान जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने  आया है। एक 16 साल की नाबालिग लड़की ने रेप के बाद शर्म के मारे फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस आरोपियों को जल्द अरेस्ट करने का दावा कर रही है। पर इस घटना ने इलाके के लोगों को हैरान कर दिया है। यह घटना एमएच नगर इलाके के करमासी की है।

आम चुनने गई लड़की के साथ गैंगरेप

परिजनों के अनुसार, बीते बुधवार को युवती के साथ सामूहिक रेप किया गया। जब वह गांव के पूरब बगीचे में आम बिनने के लिए गई थी। वहीं मनचलों ने युवती के साथ जबरन सामूहिक रेप किया और फिर उसे घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गए।

दो युवको ने किशोरी को घर पहुंचाया

घटना के बाद वहीं के दो युवकों की नजर लड़की की हालत पर पड़ी तो उन लोगों ने युवती को उसके घर तक पहुंचाया। लड़की की शारीरिक हालत काफी खराब थी। बाल बिखरे हुए थे और बॉडी में मिट्टी लगी हुई थी। रेप की त्रासदी झेलकर लड़की किसी तरह घर पहुंची तो परिजनों ने उसे ही डांट-फटकार लगाई। उसके घर के बाहर जाने पर सवाल खड़े किए।

लोक लाज के भय से डरकर युवती ने की आत्महत्या

लोक—लाज के भय से युवती इतना डर गई कि उसने फंदे से झूलकर अपना जीवन ही समाप्त कर लिया। युवती की मौत के पर परिजनों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बॉडी को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।

एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंच कर की जांच

पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल की। एफएसएल टीम को भी जांच और पूछताछ के लिए मौके पर भेजा गया। घटनास्थल के सैंपल भी लिए गए। पुलिस के अनुसार, यह घटना सामूहिक रेप के बाद शर्म के मारे आत्महत्या बता रही है।