- AI और डीपफेक टेक्नोलॉजी ने जिस तेजी से अपनी पकड़ बनाई है, उसी रफ्तार से इससे जुड़े खतरे भी सामने आ रहे हैं। ये तकनीकें जितनी उपयोगी हैं, उतनी ही खतरनाक भी बनती जा रही हैं, खासकर तब जब इनका इस्तेमाल गलत मंशा से किया जाए। प्राइवेसी, पहचान की चोरी और चरित्र हनन के मामलों में डीपफेक का प्रयोग एक गंभीर समस्या बन चुका है।
- हाल ही में न्यूजीलैंड में महिला सांसद लॉरा मैकक्लर (Laura Mcclure) ने इस मुद्दे को बेहद सटीक और प्रभावशाली तरीके से संसद में उठाया। उन्होंने अपने ऊपर बने एक AI जनरेटेड न्यूड डीपफेक फोटो को संसद के सामने प्रस्तुत किया ताकि यह बताया जा सके कि यह तकनीक कितनी खतरनाक हो सकती है और इसे गलत हाथों में जाने से कितना बड़ा नुकसान हो सकता है।
- सांसद ने दिखाई खुद की डीपफेक फोटो, संसद में मच गया सन्नाटा
- 14 मई 2025 को न्यूजीलैंड की संसद में बहस के दौरान एसीटी पार्टी की सदस्य लॉरा मैकक्लर ने चौंकाने वाला कदम उठाया। उन्होंने अपनी एक नकली न्यूड तस्वीर, जो AI की मदद से तैयार की गई थी, सभी सांसदों को दिखाई और बताया कि इसे बनाना कितना आसान है। उन्होंने यह फोटो खुद घर पर एक वेबसाइट के जरिए मात्र पांच मिनट से भी कम समय में तैयार की थी।
- लॉरा ने संसद में कहा, "यह मेरी न्यूड फोटो है, लेकिन यह असली नहीं है। मैंने इसे खुद बनाया है, सिर्फ यह दिखाने के लिए कि कितनी आसानी से कोई भी ऐसा कर सकता है।" उनकी इस प्रस्तुति ने पूरे संसद का ध्यान इस मुद्दे की गंभीरता की ओर खींचा।
- "खतरा तकनीक में नहीं, उसके इस्तेमाल में है"
- बाद में सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में लॉरा मैकक्लर ने इस घटना को लेकर कहा, "मैंने संसद के सभी सदस्यों को बताया कि इस तरह की तकनीक का दुरुपयोग करना कितना सरल हो गया है। खासकर हमारी युवा पीढ़ी और महिलाओं के लिए यह एक भयावह स्थिति है।"
- उन्होंने कहा, "यह समस्या टेक्नोलॉजी की नहीं है, बल्कि यह है कि कैसे इसका उपयोग दूसरों को मानसिक रूप से नुकसान पहुंचाने के लिए किया जा रहा है। हमारी न्याय व्यवस्था और साइबर कानूनों को इसे रोकने के लिए कठोर बनाना होगा।"
- भारत में भी उठा था डीपफेक का मुद्दा
- भारत में भी डीपफेक को लेकर 2023 में बड़ा विवाद हुआ था, जब अभिनेत्री रश्मिका मंदाना का एक नकली वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में किसी अन्य महिला के शरीर पर रश्मिका का चेहरा लगा दिया गया था। यह क्लिप सोशल मीडिया पर खूब शेयर की गई, जिससे अभिनेत्री की छवि को नुकसान पहुंचा।
- रश्मिका ने इस पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा था कि इस तरह के डीपफेक वीडियो से लोगों की निजी ज़िंदगी खतरे में पड़ रही है और इसे रोकने के लिए सरकार को तुरंत कदम उठाने चाहिए।
- अमिताभ बच्चन जैसे दिग्गज कलाकार ने भी इस पर सख्त प्रतिक्रिया दी थी और कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि डीपफेक टेक्नोलॉजी का गलत उपयोग न केवल व्यक्ति विशेष बल्कि पूरे समाज के लिए गंभीर खतरा है।
Share






