Bihar News: बिहार पुलिस में कार्यरत एक चालक पर गंभीर आरोप लगे हैं जिसने अपनी पहली पत्नी को छोड़कर पैसों और जमीन की लालच में दूसरी शादी कर ली। आरोपी चालक मनोरथ कुमार, जो फिलहाल शेखपुरा जिले के बरबीघा थाने में पदस्थापित है, पर सहरसा महिला थाना में दहेज उत्पीड़न, जान से मारने की कोशिश और दोहरी शादी करने का मामला दर्ज किया गया है।
शादी के बाद बदल गया बर्ताव, शुरू हो गई लालच की मांग
मनोरथ कुमार नवहट्टा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। उनकी शादी 10 जून 2021 को सहरसा निवासी एक युवती से बेहद धूमधाम से हुई थी। शादी के दौरान लड़की के पिता ने दहेज स्वरूप 21.51 लाख रुपये नकद, कीमती सोने-चांदी के गहने, महंगे फर्नीचर और कई अन्य जरूरी सामान दिए थे। शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ ही महीनों बाद पीड़िता को मायके लौटना पड़ा।
इस बीच फरवरी 2022 में मनोरथ को बिहार पुलिस में चालक की नौकरी मिल गई और उनकी पोस्टिंग शेखपुरा जिले में हो गई। इसके बाद पीड़िता के अनुसार, मनोरथ का व्यवहार पूरी तरह से बदल गया। वो बार-बार पत्नी पर दबाव बनाने लगा कि वह अपने मायके से 25 लाख रुपये और दो कट्ठा जमीन लाकर दे। जब यह मांग पूरी नहीं हुई, तो मनोरथ ने पत्नी को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
केरोसिन डालकर जलाने की कोशिश, फिर धमकी देकर निकाला घर से
पीड़िता ने पुलिस में दर्ज अपनी शिकायत में बताया कि 24 जून 2024 को मनोरथ उनके ससुराल आया और वहां उसने केरोसिन छिड़ककर जलाने की कोशिश की। जब वह इसमें असफल रहा, तो धमकी दी कि अगर उसकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वह उसे जान से मार देगा या हमेशा के लिए घर से निकाल देगा। किसी तरह पीड़िता ने अपने भाई को फोन किया, जो समय रहते पहुंचा और उसे मायके ले गया।
दरभंगा में की दूसरी शादी, पहली पत्नी को नहीं दी जानकारी
इस अत्याचार की सीमा तब पार हो गई जब मनोरथ ने 7 मार्च 2025 को दरभंगा के एक मंदिर में दूसरी शादी रचा ली। जब पहली पत्नी को इस बात की जानकारी मिली, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। इसके बाद उसने तुरंत सहरसा महिला थाना पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी दी और न्याय की गुहार लगाई।
FIR दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच
सहरसा महिला थानाध्यक्ष सुजाता रानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मनोरथ कुमार के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की कई गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच को तेज़ी से आगे बढ़ाया जा रहा है। दोषी पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Share






