सम्पूर्ण प्रदेश में संचालित विशेष स्वच्छता अभियान
- 105 Views
- Mediavarta Desk
- July 10, 2020
- Media News
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने 10, 11 व 12 जुलाई, 2020 को सम्पूर्ण प्रदेश में संचालित किए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान में व्यापक स्तर पर घर-घर सर्विलांस करते हुए रैपिड एन्टीजन टेस्ट कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कोविड-19 तथा अन्य संचारी रोगों पर नियंत्रण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी आज यहां लोक भवन में आहूत एक उच्च स्तरीय बैठक में अनलाॅक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान वृहद स्तर पर स्वच्छता और सेनिटाइजेशन की कार्यवाही की जाए। इससे संक्रमण को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि सभी प्रभारी मंत्रिगण अपने-अपने जनपदों में विशेष स्वच्छता अभियान की माॅनिटरिंग करें।
यह भी पढ़ें : पुलिस अधीक्षक खीरी ने निष्पक्ष पत्रकारिता करने वाले पत्रकारों पर लिखाये फर्जी मुकदमे
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि नगर विकास विभाग, ग्राम्य विकास विभाग एवं पंचायती राज विभाग सहित अन्य सम्बन्धित संस्थाओं के पूर्ण समन्वय से विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया जाए। अभियान के दौरान एन्टीलार्वा रसायनों के छिड़काव एवं फाॅगिंग की प्रभावी कार्यवाही की जाए। जल जमाव हटाया जाए। स्वच्छ पेयजल आपूर्ति के लिए प्राथमिकता पर सभी प्रबन्ध सुनिश्चित किए जाएं।
टेस्टिंग क्षमता में वृद्धि के लिए लगातार प्रयास किए जाने पर बल देते हुए मुख्यमंत्री जी ने कहा कि रैपिड एन्टीजन टेस्ट की संख्या में बढ़ोत्तरी की जाए। लैब टेक्निशियन की संख्या को बढ़ाया जाए। अभियान की अवधि में प्रतिदिन 15 हजार से अधिक रैपिड एन्टीजन टेस्ट के माध्यम से जांच के प्रभावी प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि सर्विलांस टीम तथा एम्बुलेंस सेवा के मध्य बेहतर तालमेल रहना चाहिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर मरीज को उपचार के लिए तत्काल अस्पताल भेजा जा सके। उन्होंने मेडिकल स्क्रीनिंग, सर्विलांस कार्य तथा रैपिड एन्टीजन टेस्ट की कार्यवाही को मिशन मोड पर संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री जी ने जनपद कानपुर नगर, झांसी एवं वाराणसी की चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए चिकित्सा विशेषज्ञों को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन जनपदों में भेजी जाने वाली विशेषज्ञ चिकित्सकों की मेडिकल टीम सम्बन्धित जिले में प्रवास कर स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने का कार्य करेंगी।
यह भी पढ़ें : शतकीय पारी वाले कामगार साथियों के कुछ पल शाही ठाट बाट
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि 10 जुलाई, 2020 की रात्रि 10 बजे 13 जुलाई, 2020 को प्रातः 05 बजे की अवधि में पुलिस द्वारा प्रभावी पेट्रोलिंग की जाए। मजिस्ट्रेट तथा पुलिस अधिकारियों द्वारा संयुक्त भ्रमण किया जाए। पुलिस टीमों तथा पी0आर0वी0 112 द्वारा गहन पेट्रोलिंग करते हुए व्यवस्था का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इस दौरान शासन द्वारा निर्धारित किए गए प्राविधानों के अनुसार औद्योगिक गतिविधियां संचालित होती रहेंगी। मनरेगा सहित सभी वृहद निर्माण कार्य जैसे एक्सप्रेस-वे, बड़े पुल एवं सड़कों आदि की निर्माण कार्यवाही यथावत जारी रहेगी। रेलवे स्टेशन तथा हवाई अड्डों पर आवागमन बना रहेगा। यह सुनिश्चित किया जाए कि यात्रियों को कोई असुविधा न हों। उन्होंने रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए बस की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री जी ने कोविड-19 तथा संचारी रोगों से बचाव के सम्बन्ध में बड़े पैमाने पर जागरूकता कार्यक्रम संचालित करनेे के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रमुख चैराहों सहित सार्वजनिक स्थलों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाए। आमजन को मास्क का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, सोशल डिस्टेंसिंग अपनाने तथा अनावश्यक घर से बाहर न निकलने के सम्बन्ध में व्यापक पैमाने पर जागरूक किया जाए।
यह भी पढ़ें : अंडा नही काली मुर्गी का है ये सोने का अंडा
इस अवसर पर चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री सुरेश खन्ना, स्वास्थ्य मंत्री श्री जय प्रताप सिंह, मुख्य सचिव श्री आर0के0 तिवारी, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त श्री आलोक टण्डन, कृषि उत्पादन आयुक्त श्री आलोक सिन्हा, अपर मुख्य सचिव सूचना एवं गृह श्री अवनीश कुमार अवस्थी, अपर मुख्य सचिव वित्त श्री संजीव मित्तल, अपर मुख्य सचिव राजस्व श्रीमती रेणुका कुमार, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री श्री एस0पी0 गोयल, पुलिस महानिदेशक श्री हितेश सी0 अवस्थी, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य श्री अमित मोहन प्रसाद, अपर मुख्य सचिव चिकित्सा शिक्षा श्री रजनीश दुबे, अपर मुख्य सचिव ग्राम्य विकास तथा पंचायतीराज श्री मनोज कुमार सिंह, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री श्री संजय प्रसाद, सचिव मुख्यमंत्री श्री आलोक कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
- Chief Minister
- City Development Department
- hindi news
- hindi news live
- hindi news today
- in hindi news
- Jhansi
- kanpur
- Latest Hindi news
- Panchayati Raj Department
- Rural Development Department
- Surveillance
- today hindi news
- up hindi news
- Uttar Pradesh
- Varanasi
- Yogi Adityanath
- उत्तर प्रदेश
- कानपुर
- ग्राम्य विकास विभाग
- झाँसी
- नगर विकास विभाग
- पंचायती राज विभाग
- मुख्यमंत्री
- योगी आदित्यनाथ
- वाराणसी
- सर्विलांस