अखिलेश यादव ने योगी सरकार के 100 दिन पूरे होने पर कही ये बात, खुद गांव व शहरों तक जाएंगे
- 298 Views
- Mediavarta Desk
- July 5, 2022
- Uttar-Pradesh
सपा सुप्रीमों अखिलेश यादव ने यूपी में योगी सरकार के 100 दिन पूरे होने पर कहा कि इस सरकार को सिर्फ सौ दिन की उपलब्धि नहीं बतानी चाहिए, बल्कि पांच साल सौ दिन की उपलब्धि बतानी चाहिए। दारोगा भर्ती में धांधली हुई, उसका स्तर यह है कि जेल में रहते हुए अभ्यर्थी परीक्षा पास हो गए। यही भाजपा सरकार की सौ दिन की उपलब्धि है।
भाजपा ने सरकारी संस्थाओं को कर लिया हाईजैक
उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस केंद्र की सरकार में थी, तब विरोधी दलों को परेशान करती थी और वही काम भाजपा कर रही है, सरकारी संस्थाओं को हाईजैक कर लिया है। अन्याय और करप्शन चरम पर है।
ये है भाजपा सरकार की सौ दिन की उपलब्धि
उन्होंने कहा कि डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के विभाग में तबादले हो गए और उन्हें इसका पता ही नहीं चला। महिला उत्पीड़न और पुलिस हिरासत में सबसे अधिक मौतें भाजपा सरकार में हुईं। यहां तक कि मानवाधिकार आयोग ने भी सबसे ज्यादा नोटिसें यूपी सरकार को दी है। यही भाजपा सरकार की सौ दिन की उपलब्धि है।
डिप्टी सीएम ने छापे मारे, पर कार्यवाही कहीं नहीं हुई
अखिलेश यादव ने कहा कि उपमुख्यमंत्री ने जितने स्थानों पर छापे मारे, कार्यवाही कहीं नहीं हुई। सिर्फ बातें हो रही हैं, यह पता नहीं है कि रोजगार मिलेगा या नहीं। नौकरी स्थायी मिलनी चाहिए। जो काम समाजवादी सरकार के समय हुए, फीता उन्हीं का काटा जा रहा है। शपथ लेने के लिए सीएम को इकाना स्टेडियम ही जाना पड़ा। यह समाजवादी सरकार में बना था।
सदस्यता अभियान की हुई शुरूआत
समाजवादी पार्टी मुख्यालय आयोजित पूर्व सांसद व वरिष्ठ कवि उदय प्रताप सिंह ने अखिलेश यादव को सदस्य बनाकर सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया। अखिलेश ने राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल समेत राजधानी से प्रत्याशी रहे लोगों को सदस्यता दिलायी।
खुद गांव-शहरों में जाएंगे अखिलेश
इस मौके पर अखिलेश यादव ने कहा कि वह स्वयं भी गांव-शहरों में जाएंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं से ज्यादा से ज्यादा सदस्य बनाने की अपील की। उन्होंने कहा बूथस्तर तक हर वर्ग तक जाना इस अभियान के तहत जाना है। हर दरवाजे तक पार्टी की नीति और फैसलों की जानकारी दी जाएगी।यादव ने कहा कि यह सदस्यता अभियान लोकतंत्र को बचाओं का अभियान चलता रहेगा। इस अभियान में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की भी सक्रिय भूमिका होगी। उदय प्रताप सिंह ने कहा कि आज लोकतंत्र खतरे में है।
विधानसभा चुनाव 2022 में निर्धारित सीमा से 47 फीसदी खर्च करके बन गए माननीय